NEWS PR डेस्क:भागलपुर। सबौर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित हत्याकांड का भागलपुर पुलिस ने खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में शामिल तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।

सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के निर्देश पर जिले में वांछित अपराधियों, अवैध शराब और हथियारों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सबौर थाना को सूचना मिली कि आर्य टोला, इंजीनियरिंग कॉलेज रोड के पास अज्ञात अपराधियों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल भेजा गया। घायल की पहचान निराला यादव (पिता स्व. लक्ष्मण यादव), निवासी गोपालपुर के रूप में हुई। इलाज के दौरान उन्हें जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) में मृत घोषित कर दिया गया।
बेटे के बयान पर दर्ज हुआ केस
मृतक के पुत्र रोहित कुमार के बयान के आधार पर सबौर थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज तथा मानव स्रोतों से मिली सूचनाओं के आधार पर इस हत्याकांड में शामिल तीन अपराधियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी कौन हैं?
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार की गई है—बहादुर कुमार,पांडव कुमार,अजय मंडल उर्फ छंगुरी मंडल।,तीनों आरोपी बाबूपुर, थाना सबौर, जिला भागलपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
