वियतनाम राष्ट्रपति का बिहार दौरा: बोधगया में दिखा भव्य स्वागत

अंतरराष्ट्रीय दौरे पर बिहार: टो लाम का महाबोधि मंदिर दर्शन

Rashmi Tiwari

भारत की आध्यात्मिक नगरी बिहार एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मेहमाननवाजी और सांस्कृतिक सौहार्द की मिसाल बनी, जब वियतनाम के राष्ट्रपति टो लाम तीन दिवसीय भारत दौरे पर गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका भव्य और औपचारिक स्वागत बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया। इस अवसर पर राज्यपाल सैयद अत हसनैन भी मौजूद रहे। पूरे प्रोटोकॉल के साथ राष्ट्रपति टो लाम का गर्मजोशी से अभिनंदन किया गया।
वियतनाम के राष्ट्रपति सीधे बोधगया रवाना हुए
इसके बाद वियतनाम के राष्ट्रपति सीधे बोधगया रवाना हुए, जहां उनका विशेष स्वागत किया गया। बोधगया पहुंचते ही वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक और शांतिमय हो गया। राष्ट्रपति टो लाम ने विश्व प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर में पहुंचकर भगवान बुद्ध के दर्शन किए। उन्होंने मंदिर के गर्भगृह में विधिवत पूजा-अर्चना कर श्रद्धा व्यक्त की। इस दौरान बौद्ध भिक्षुओं ने पारंपरिक रीति से उनका स्वागत किया और सम्मान स्वरूप दुपट्टा भेंट किया।

पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और आध्यात्म का विशेष वातावरण देखने को मिला। दर्शन के बाद राष्ट्रपति वियतनाम बौद्ध मॉनेस्ट्री भी पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर बौद्ध परंपराओं के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। यह दौरा भारत और वियतनाम के बीच सांस्कृतिक और धार्मिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, विशेषकर बौद्ध धर्म से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों के वैश्विक महत्व को देखते हुए।

Share This Article