पटना में TRE-4 अभ्यर्थियों का बड़ा प्रदर्शन, विज्ञापन जारी करने की मांग तेज

Rashmi Tiwari

पटना में शिक्षक भर्ती TRE-4 को लेकर अभ्यर्थियों का आक्रोश एक बार फिर सड़कों पर उतर आया है। पटना कॉलेज परिसर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं इकट्ठा हुए और सरकार व BPSC के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी “TRE-4 का विज्ञापन तुरंत जारी करो” की मांग कर रहे हैं अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन बार-बार केवल आश्वासन ही मिल रहा है। कई अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि तैयारी के लिए उन्होंने आर्थिक रूप से बड़ी कुर्बानी दी है, लेकिन अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है।


इस बीच छात्र नेता दिलीप ने कहा कि अभ्यर्थियों को लगातार भ्रमित किया जा रहा है। उन्होंने नए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी से तुरंत हस्तक्षेप कर भर्ती प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सरकार को युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर होना चाहिए। गौरतलब है कि BPSC परीक्षा नियंत्रक ने 16 अप्रैल को एक पॉडकास्ट में दावा किया था कि TRE-4 का विज्ञापन जल्द जारी होगा और 25–26 अप्रैल से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी लेकिन 8 मई तक भी विज्ञापन जारी नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ गई है।


स्थिति को देखते हुए पटना में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग की गई है और SSP कार्तिकेय शर्मा खुद मौके पर मौजूद हैं। प्रदर्शन को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल, वाटर कैनन और आंसू गैस की भी तैनाती की गई है। बताया जा रहा है कि TRE-4 के तहत कुल 46,595 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है। अभ्यर्थियों का कहना है कि राज्य के करीब 13 लाख छात्र भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। अब सरकार और BPSC को जल्द फैसला लेना चाहिए।

Share This Article