भरत तिवारी एनकाउंटर मामला: परिवार से मिलीं ज्योति सिंह, मां-बेटी फूट-फूटकर रोईं

भावुक मुलाकात में छलका दर्द, ज्योति सिंह ने दिया न्याय के साथ खड़े रहने का भरोसा।

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले ने एक बार फिर भावनात्मक मोड़ ले लिया, जब भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह मृतक के परिवार से मिलने पहुंचीं। इस दौरान माहौल बेहद भावुक हो गया और परिवार के सदस्यों का दर्द खुलकर सामने आ गया।

मुलाकात के दौरान भरत तिवारी की मां और बहन ज्योति सिंह से लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगीं। इस दृश्य से वहां मौजूद लोग भी भावुक हो उठे। ज्योति सिंह ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि न्याय की इस लड़ाई में वे उनके साथ खड़ी हैं।
आम जनता का डरना स्वाभाविक
उन्होंने कहा कि जब जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले ही लोगों के मन में भय पैदा करने लगें, तो आम जनता का डरना स्वाभाविक है। ज्योति सिंह ने यह भी कहा कि भरत तिवारी के समर्थन में लोग इसलिए सामने आ रहे हैं क्योंकि यह मामला अब केवल किसी व्यक्ति या समुदाय का नहीं, बल्कि न्याय और व्यवस्था पर भरोसे की लड़ाई बन चुका है।
सामाजिक मुद्दों को लेकर सक्रिय रहते थे,
उन्होंने आगे कहा कि भरत तिवारी सामाजिक मुद्दों को लेकर सक्रिय रहते थे, इसलिए बिहार ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों से भी उनके समर्थन में आवाज उठ रही है। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि न्याय की इस लड़ाई को हर स्तर पर मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा और परिवार को किसी भी स्थिति में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
इस मुलाकात के बाद मामले को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। परिजन लगातार निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं। वहीं, पूरे मामले पर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं और न्याय की मांग लगातार जोर पकड़ रही है। आरा से आकाश कुमार की रिपोर्ट

Share This Article