बिहार सरकार के गृह विभाग ने राज्य पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 16 अधिकारियों का तबादला और नई पदस्थापना की अधिसूचना जारी की है। गृह विभाग (आरक्षी शाखा) द्वारा 10 मई 2026 को जारी आदेश के अनुसार कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। अधिसूचना के अनुसार, असैनिक सुरक्षा के एडीजी और 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी परेश सक्सेना को इसी विभाग में पुलिस महानिदेशक (DG) बनाया गया है।वहीं, निर्मल कुमार आजाद को पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) की जिम्मेदारी दी गई है।



1996 बैच के अधिकारी सुधांशु कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक, विधि-व्यवस्था बनाया गया है। डॉ. अमित कुमार जैन को आर्थिक अपराध इकाई (EOU) का एडीजी नियुक्त किया गया है। वहीं, नैयर हसनैन खान को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस का एडीजी बनाया गया है। सरकार ने कमल किशोर सिंह को एडीजी रेलवे की जिम्मेदारी दी है। वहीं, अजीताभ कुमार को राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो एवं आधुनिकीकरण का एडीजी बनाया गया है। रंजन सिंह को एडीजी बजट, अपील एवं कल्याण के साथ अतिरिक्त प्रभार एडीजी सुरक्षा का दिया गया है।


1998 बैच के आईपीएस अधिकारी अमित लोढ़ा को एडीजी तकनीकी सेवाएं एवं संचार बनाया गया है। वहीं, अमृत राज को साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई का एडीजी नियुक्त किया गया है। कासो सुहिता अनुपम को कमजोर वर्ग अपराध अनुसंधान विभाग की एडीजी की जिम्मेदारी मिली है। गृह विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सभी अधिकारी अगले आदेश तक अपने नए पदस्थापन पर कार्यभार संभालेंगे। इस बड़े फेरबदल को कानून-व्यवस्था, साइबर सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और पुलिस आधुनिकीकरण को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।