पटना में पुलिस- अपराधी मुठभेड़, ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत एक बदमाश घायल, दूसरा गिरफ्तार

पटना में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फायरिंग के बाद दो अपराधी दबोचे गए।

Rashmi Tiwari

बिहार पुलिस का ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ लगातार अपराधियों पर शिकंजा कसता जा रहा है। सिवान के बाद अब राजधानी पटना में पुलिस और अपराधियों के बीच सोमवार सुबह मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी गिरफ्तार कर लिया गया।


शिक्षक को गोली मारने वाले अपराधियों से मुठभेड़
घटना अगमकुआं थाना क्षेत्र से जुड़ी है। पुलिस के अनुसार, 13 मई की सुबह नालंदा के चंडी स्थित विद्यालय में कार्यरत शिक्षक शंभू कुमार अपनी महिला सहकर्मी वीणा कुमारी के साथ बस पकड़ने जा रहे थे। इसी दौरान भूतनाथ रोड के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने लूटपाट की कोशिश की और विरोध करने पर शिक्षक को गोली मार दी थी। गोली शंभू कुमार की बांह में लगी थी। घटना के बाद से पुलिस अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।


ट्रांसपोर्ट नगर में हुई फायरिंग
सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि दोनों अपराधी ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में मौजूद हैं। पुलिस टीम जैसे ही पेट्रोल पंप के पास पहुंची, अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली पुलिस जिप्सी पर लगी, हालांकि सभी पुलिसकर्मी सुरक्षित बच गए। पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अपराधी संदीप उर्फ बादल के पैर में गोली लग गई। वहीं उसका साथी प्रिंस कुमार भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
अस्पताल में भर्ती कराया गया घायल अपराधी
घायल संदीप उर्फ बादल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। मौके पर मौजूद एएसपी राज किशोर सिंह ने बताया कि दोनों अपराधियों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी दौलतपुर के रहने वाले हैं और जाकरियापुर में किराए के मकान में रहकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते थे। दोनों पहले भी दो बार जेल जा चुके हैं। पुलिस अब इन अपराधियों से पूछताछ कर अन्य मामलों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

Share This Article