NEWS PR डेस्क: लखीसराय, 24 मई। रेलवे स्टेशन की खराब व्यवस्थाओं को लेकर राज्य के कृषि मंत्री और स्थानीय विधायक विजय कुमार सिन्हा शनिवार को नाराज दिखे। अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान स्टेशन पहुंचे मंत्री ने यात्रियों से बातचीत की, जहां लोगों ने पेयजल की कमी, गंदगी, बैठने की अपर्याप्त व्यवस्था और खराब शौचालयों जैसी समस्याओं की शिकायत की।
शिकायतें सुनने के बाद विजय सिन्हा ने रेलवे अधिकारियों को तत्काल फटकार लगाई और स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं में जल्द सुधार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लखीसराय स्टेशन से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं, ऐसे में बुनियादी सुविधाओं का अभाव गंभीर चिंता का विषय है।

मंत्री ने साफ कहा कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देना रेलवे प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्टेशन परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, रोशनी और अन्य सुविधाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर दुरुस्त करने का आदेश दिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी भी दी कि यदि तय समय में शिकायतों का समाधान नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंत्री के तेवर के बाद रेलवे अधिकारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।

इस दौरान विजय सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील को भी दोहराया। उन्होंने लोगों से ट्रेन और इलेक्ट्रिक वाहनों का अधिक उपयोग करने की अपील की, ताकि पेट्रोल और डीजल की खपत कम हो सके। विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद मंत्री ट्रेन से देवघर के लिए रवाना हो गए।
गौरतलब है कि इन दिनों बीजेपी नेताओं द्वारा ट्रेन यात्रा को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रधानमंत्री की अपील के बाद पार्टी के कई नेता सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं।