NEWS PR डेस्क: बेगूसराय, 29 मई। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में गुरुवार को निगरानी की मुख्यालय टीम ने बेगूसराय जिला परिवहन कार्यालय में छापेमारी कर एक लिपिक और एक दलाल को 6 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जिला परिवहन कार्यालय, बेगूसराय में कार्यरत लिपिक संजय कुमार तथा दलाल शिवानंद झा के रूप में हुई है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार दोनों के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के मुताबिक चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के सकरौली गांव निवासी सत्यम कुमार ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि वाहन हस्तांतरण (ट्रांसफर) की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए जिला परिवहन कार्यालय के लिपिक द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। जांच के दौरान रिश्वत मांगने की शिकायत सही पाई गई। इसके बाद 27 मई 2026 को निगरानी थाना कांड संख्या 63/26 दर्ज कर पुलिस उपाधीक्षक रंजीत कुमार निराला के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया।

नियोजित कार्रवाई के तहत गुरुवार को टीम ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। निगरानी टीम ने दलाल शिवानंद झा को व्यवहार न्यायालय, बेगूसराय के दक्षिणी गेट के सामने स्थित सड़क से 6 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा। वहीं लिपिक संजय कुमार को जिला परिवहन कार्यालय स्थित उनके कार्यालय कक्ष से गिरफ्तार किया गया।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें विशेष निगरानी न्यायालय, भागलपुर में पेश किया जाएगा।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार मामले की आगे की जांच जारी है और रिश्वतखोरी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।