Apple Foldable Phone में डिस्प्ले की समस्या? ग्राहकों को AppleCare से संपर्क करने की सलाह

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: लाखों रुपये खर्च कर नया आईफोन खरीदने के बाद अगर उसकी स्क्रीन कुछ ही घंटों में खराब हो जाए, तो किसी भी ग्राहक की चिंता बढ़ना लाजिमी है। एप्पल के नए फोल्डेबल स्मार्टफोन iPhone Duo को लेकर ऐसी ही शिकायतें सामने आने का दावा किया जा रहा है। कुछ यूजर्स ने फोन की अंदरूनी स्क्रीन में दरार और डिस्प्ले खराब होने की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की है। हालांकि, शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, फिलहाल ऐसे मामलों की संख्या कम है और इससे पूरे डिवाइस में किसी बड़ी तकनीकी खामी की पुष्टि नहीं होती।

फोन खोलते ही स्क्रीन में आई खराबी?
रिपोर्ट के मुताबिक, फोन की बिक्री शुरू होने के बाद Reddit समेत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कुछ ग्राहकों ने अपने अनुभव साझा किए। ऑस्ट्रेलिया के एक यूजर ने दावा किया कि फोन मिलने के करीब छह घंटे के भीतर ही उसकी स्क्रीन खराब हो गई।
यूजर के अनुसार, वह अपने दोस्त को फोन दिखाने के लिए डिवाइस खोल रहा था। इसी दौरान उसे अंदरूनी स्क्रीन पर हिंज के पास कुछ असामान्य महसूस हुआ। फोन को और खोलने पर चटकने जैसी आवाज आई और डिस्प्ले में खराबी दिखाई देने लगी। ।एक अन्य यूजर ने भी फोन से चटकने जैसी आवाज आने और डिस्प्ले प्रभावित होने की शिकायत की है।

AppleCare से संपर्क करने की सलाह
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि एप्पल ने कुछ डिवाइस की अंदरूनी स्क्रीन में समस्या आने की बात स्वीकार की है। प्रभावित ग्राहकों को सहायता और संभावित रिप्लेसमेंट के लिए AppleCare से संपर्क करने की सलाह दी गई है। एक ग्राहक ने यह भी बताया कि स्थानीय एप्पल स्टोर ने उसका खराब फोन बदल दिया।

भारत में कीमत करीब 3 लाख रुपये से शुरू?
रिपोर्ट में इस फोल्डेबल आईफोन की शुरुआती कीमत 1,999 डॉलर बताई गई है। भारत में इसकी कीमत ₹2,99,900 से ₹4,49,900 तक होने का दावा किया गया है। इतनी अधिक कीमत वाले डिवाइस में स्क्रीन खराब होने की शिकायतें स्वाभाविक रूप से ग्राहकों की चिंता बढ़ा सकती हैं।
हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि स्क्रीन में खराबी किन परिस्थितियों में आ रही है और शिकायतों के पीछे कोई सामान्य तकनीकी समस्या है या अलग-अलग मामलों के कारण। इसलिए फिलहाल पूरे मॉडल को खराब कहना जल्दबाजी होगी। ग्राहकों को खरीदने से पहले आधिकारिक जानकारी, वारंटी और रिप्लेसमेंट की शर्तें जरूर जांचनी चाहिए।

Share This Article