निगरानी का शिकंजा, 6000 रुपये रिश्वत लेते डाक सुपरवाइजर गिरफ्तार

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: जमुई, 05 जून। जिले के झाझा में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई की कार्रवाई लगातार जारी है। हाल ही में थाना चालक की गिरफ्तारी के बाद अब डाक विभाग के एक अधिकारी पर निगरानी विभाग ने शिकंजा कसा है। गुरुवार देर शाम डाक सुपरवाइजर अजय कुमार सिंह को कथित तौर पर छह हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया।

गौरतलब है कि इससे पहले 2 जून को झाझा थाना के चालक जितेंद्र कुमार को भी अवैध बालू उठाव से जुड़े मामले में 12 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए विशेष निगरानी इकाई ने गिरफ्तार किया था।

सूत्रों के अनुसार, अजय कुमार सिंह झाझा स्थित डाक निरीक्षक कार्यालय में पदस्थापित थे और संग्रामपुर, गिद्धौर तथा सिमुलतला क्षेत्र के शाखा डाकघरों की निगरानी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। आरोप है कि उन्होंने संग्रामपुर के शाखा डाकपाल (बीपीएम) पुरुषोत्तम कुमार से एक प्रशासनिक कार्य के बदले छह हजार रुपये की मांग की थी।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

शिकायत मिलने के बाद विशेष निगरानी इकाई ने मामले का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने पर पांच सदस्यीय टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और अजय कुमार सिंह को कथित रिश्वत की राशि के साथ पकड़ लिया। टीम में एक महिला अधिकारी भी शामिल थीं।

गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम आरोपी अधिकारी को लेकर झाझा पोस्ट ऑफिस पहुंची, जहां कार्यालय से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई। उस समय कार्यालय के कर्मचारी दिनभर का काम समाप्त कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे। अचानक निगरानी टीम के पहुंचने से कार्यालय में हड़कंप मच गया।

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने कर्मचारियों के मोबाइल फोन एक स्थान पर जमा करवाए और डाक निरीक्षक कार्यालय से जुड़े कुछ अभिलेखों की जांच की। साथ ही कार्यालय कर्मियों से आवश्यक पूछताछ भी की गई। करीब आधे घंटे तक चली इस कार्रवाई के बाद टीम आरोपी अधिकारी को अपने साथ लेकर रवाना हो गई।

मामले पर डाक अधीक्षक मनोज कुमार मधुकर ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। विभागीय स्तर पर जांच के लिए एएसपी धीरज कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है। हालांकि विभाग को अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक लिखित सूचना प्राप्त नहीं हुई है।

बताया जा रहा है कि अजय कुमार सिंह की सेवा निवृत्ति में करीब दो वर्ष का समय शेष था। उनकी गिरफ्तारी के बाद विभाग के अन्य कार्यों और प्रक्रियाओं की भी जांच होने की संभावना जताई जा रही है।

लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से क्षेत्र के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में सतर्कता और चिंता का माहौल देखा जा रहा है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article