खरीफ कर्मशाला का शुभारंभ, किसानों को आधुनिक खेती और फसल विविधीकरण का दिया गया संदेश

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: मधुबनी, 09 जून। कृषि विभाग द्वारा संचालित “शारदीय (खरीफ) महाअभियान-2026” के तहत सोमवार को नगर भवन, मधुबनी में जिला स्तरीय खरीफ कर्मशाला-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बिहार, विशेषकर उत्तर बिहार, कृषि की अपार संभावनाओं वाला क्षेत्र है। उन्होंने किसानों से छोटे स्तर की खेती से आगे बढ़कर संगठित तरीके से सहकारिता एवं किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के माध्यम से बड़े पैमाने पर खेती करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में बेहतर लाभ प्राप्त करने के लिए सामाजिक और आर्थिक स्तर पर एकजुट होकर काम करने की आवश्यकता है।

जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों को रबी, खरीफ और गरमा तीनों मौसमों में खेती कर आय बढ़ाने की दिशा में प्रयास करना चाहिए। उन्होंने बताया कि जिले में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए पश्चिमी कोशी नहर परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। इसके पूर्ण होने के बाद लगभग 1.61 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।

उन्होंने जिले में मखाना बोर्ड की स्थापना की संभावना का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इससे मखाना उत्पादन और विपणन को नई पहचान मिलेगी। मखाना को वैश्विक स्तर पर ‘सुपर फूड’ के रूप में पहचान मिल रही है और इसे बेहतर बाजार व्यवस्था से जोड़ने की आवश्यकता है।

जिलाधिकारी ने बताया कि झंझारपुर और जयनगर में आधुनिक कृषि मंडी विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है, ताकि किसानों को अपने उत्पादों के विपणन के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें। साथ ही उत्पादों को ई-ग्राम पोर्टल से जोड़ने की योजना पर भी काम हो रहा है। उन्होंने किसानों को परंपरागत धान और गेहूं की खेती के साथ-साथ मक्का, सरसों, फल एवं सब्जियों की खेती अपनाने की सलाह दी, जिससे आय में वृद्धि हो सके।

कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिकों एवं कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, खरीफ फसलों की उन्नत खेती तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। कार्यशाला के दौरान किसानों से संवाद कर उनकी समस्याओं और अनुभवों को भी साझा किया गया।

खरीफ मौसम में विभिन्न फसलों की उत्पादकता और उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में जिले और प्रखंड स्तर के कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी ललन चौधरी, जिला पशुपालन पदाधिकारी राजेश कुमार, जिला गव्य पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

Share This Article