NEWS PR डेस्क:आम लोगों को आधार कार्ड से जुड़ी सेवाएं बेहतर और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने बुधवार को जेल चौक स्थित सीमांचल आधार सेवा केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, कर्मचारियों की संख्या और नागरिकों को दी जा रही सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

सीमांचल आधार सेवा केंद्र पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज सहित सीमांचल के चार जिलों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां प्रतिदिन हजारों लोग आधार कार्ड में नाम, पता, जन्म तिथि, फोटो और मोबाइल नंबर अपडेट कराने सहित अन्य सेवाओं के लिए पहुंचते हैं।
निरीक्षण के दौरान सांसद पप्पू यादव ने केंद्र की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया और वहां मौजूद लोगों से भी सेवाओं को लेकर जानकारी ली। उन्होंने आधार सेवा केंद्र में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं को और मजबूत करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर सांसद ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी राजीव कुमार उपाध्याय से दूरभाष पर बातचीत कर केंद्र में स्टाफ की उपलब्धता, सेवा संचालन की स्थिति तथा आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उपायों पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों से जनसुविधाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।
मौके पर आधार सेवा केंद्र के दोनों प्रबंधक भी उपस्थित रहे। सांसद ने कहा कि आधार से जुड़ी सेवाएं आज आम लोगों की दैनिक जरूरतों का अहम हिस्सा बन चुकी हैं, इसलिए सेवा केंद्रों पर पारदर्शी, सरल और समयबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।उन्होंने संबंधित अधिकारियों से नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए केंद्र की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने और सेवाओं को अधिक सुगम बनाने की दिशा में कार्य करने का अनुरोध किया।
