NEWS PR डेस्क:बिहार के गया जिले से शादी के नाम पर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है। राजस्थान से बारात लेकर आए दूल्हे के साथ ऐसी घटना हुई कि शादी की खुशियां कुछ ही घंटों में धोखे और सदमे में बदल गईं।


मामला बेलागंज थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव का है, जहां राजस्थान के टोंक जिले के रहने वाले संजय पटवा अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ शादी करने पहुंचे थे। हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार पूरी रात धूमधाम से विवाह की रस्में संपन्न हुईं, लेकिन इसके बाद जो हुआ उसने पूरे मामले को एक संदिग्ध साजिश में बदल दिया।

दूल्हा पक्ष का आरोप है कि यह शादी पहले से ही सुनियोजित ठगी थी। बताया जा रहा है कि शादी तय होने के बाद दुल्हन पक्ष द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर पर करीब 1 लाख 10 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए थे। इसके अलावा दुल्हन को सोने का मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल और अन्य कीमती गहने भी दिए गए थे।

सब कुछ सामान्य लग रहा था और सुबह विदाई की तैयारी चल रही थी, तभी अचानक ग्रामीणों ने बताया कि दुल्हन के घर पर ताला लटका हुआ है। जब दूल्हा और उसके परिजन वहां पहुंचे तो पता चला कि पूरा परिवार रातों-रात फरार हो चुका है।घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित पक्ष ने डायल-112 पर सूचना दी और बेलागंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले पर बेलागंज थाना अध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो चुका है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस फरार दुल्हन और उसके परिजनों की तलाश में जुटी है। यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और कई सवाल खड़े कर रहा है कि आखिर इस तरह की सुनियोजित ठगी को कैसे अंजाम दिया गया।शादी के नाम पर हुई इस कथित ठगी ने एक बार फिर लोगों को सतर्क रहने की जरूरत की ओर इशारा किया है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में इस पूरे मामले की सच्चाई क्या सामने आती है और दोषियों तक कब तक पहुंचा जाता है। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट
