NEWS PR डेस्क: बिहार की राजनीति के सबसे चर्चित और प्रभावशाली नेताओं में शुमार राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) ने आज अपना 79वां जन्मदिन परिवार के बीच बेहद सादगी और आत्मीय माहौल में मनाया। इस खास मौके पर परिवार के सदस्यों ने न सिर्फ उनके साथ खुशियां साझा कीं, बल्कि भावुक संदेशों के जरिए उनके प्रति अपना प्यार और सम्मान भी व्यक्त किया।

जन्मदिन समारोह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। Tejashwi Yadav ने एक्स पर कुछ खास तस्वीरें साझा कीं, जिनमें परिवार के सदस्य लालू यादव के साथ जन्मदिन का जश्न मनाते नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में Rabri Devi अपने पति लालू प्रसाद यादव को केक खिलाती दिखाई दे रही हैं, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
Tej Pratap Yadav ने अपने पिता के लिए एक भावुक पोस्ट लिखी
वहीं, बड़े बेटे Tej Pratap Yadav ने अपने पिता के लिए एक भावुक पोस्ट लिखी। उन्होंने कहा कि वह खुद को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें लालू प्रसाद यादव जैसे व्यक्तित्व का पुत्र बनने का अवसर मिला। तेज प्रताप ने लिखा कि उनके पिता ने उन्हें सिर्फ जन्म ही नहीं दिया, बल्कि जीवन के मूल्यों, संघर्ष और लोगों की सेवा का मार्ग भी दिखाया।

एक महान नेता, एक महान इंसान और एक प्रेरणा हैं
इसके साथ ही तेज प्रपात यादव ने लिखा कि पापा, आप सिर्फ हमारे पिता नहीं हैं, बल्कि एक महान नेता, एक महान इंसान और एक प्रेरणा हैं। आपके जैसा व्यक्तित्व, आपकी जैसी दूरदृष्टि, आपकी जैसी निस्वार्थ भावना और आपकी जैसी दृढ़ता शायद ही किसी में देखने को मिले। आपने पूरे परिवार को हमेशा एकजुट रखा, हमें हर सुख-दुख में संभाला और बिना किसी स्वार्थ के अपना सब कुछ हमारे लिए समर्पित कर दिया।
आप हमेशा स्वस्थ, खुश और दीर्घायु रहें
सिर्फ अपने परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि समाज, राज्य और देश के लोगों के लिए भी आपने अपना पूरा जीवन सेवा में लगा दिया। आपकी समाज सेवा, आपका त्याग और लोगों प्रति आपका समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणा है।मैं हर दिन भगवान का धन्यवाद करता हूँ कि उन्होंने मुझे आपका बेटा बनाया। मेरी यही प्रार्थना है कि आप हमेशा स्वस्थ, खुश और दीर्घायु रहें। भगवान आपको हर खुशी दें, उत्तम स्वास्थ्य दें और लंबी उम्र प्रदान करें।
उनके जीवन में पिता की जगह कोई नहीं ले सकता
इधर, लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने भी सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा करते हुए कहा कि उनके जीवन में पिता की जगह कोई नहीं ले सकता। उन्होंने लिखा आपने हर कदम पर मेरा हाथ थामा, मुझे गिरकर संभलना और चलना सिखाया और हर मुश्किल में मेरी ढाल बनकर खड़े रहे।
आपका प्यार, त्याग और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बेशकीमती धरोहर
लालू यादव के साथ अपनी फोटो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा आपका प्यार, त्याग और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बेशकीमती धरोहर है। ईश्वर से मेरी यही प्रार्थना है कि आपको लंबी उम्र, उत्तम स्वास्थ्य, हर पल सिर्फ और सिर्फ खुशी मिले और आपके आशीर्वाद का हाथ सदैव मेरे सिर पर रहे।
79वें जन्मदिन के अवसर पर परिवार के इन भावुक संदेशों ने एक बार फिर यह दिखाया कि राजनीति से इतर लालू प्रसाद यादव अपने परिवार के लिए कितने खास और प्रेरणादायक व्यक्तित्व हैं। जन्मदिन के मौके पर समर्थकों और शुभचिंतकों ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घ जीवन की कामना की।
