NEWS PR डेस्क:तपती गर्मी से झुलस रहे पटना में गुरुवार सुबह मौसम राहत बनकर बरसा। अचानक छाए काले बादल, तेज रफ्तार हवाएं और बारिश की फुहारों ने राजधानी का मिजाज बदल दिया लेकिन इस राहत के साथ खतरे की चेतावनी भी आई है, क्योंकि मौसम विभाग ने पटना समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।IMD पटना के नाउकास्ट बुलेटिन के अनुसार पटना, Jehanabad और Arwal के कुछ हिस्सों में अगले दो से तीन घंटों के दौरान मेघ गर्जन, वज्रपात, तेज हवाएं और बारिश होने की प्रबल संभावना है। इसे देखते हुए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक प्रभावित क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और सड़क यातायात प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है। साथ ही वज्रपात को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। गुरुवार सुबह तक पटना में तेज धूप और उमस का असर बना हुआ था, लेकिन अचानक मौसम बदलने से पूरे शहर का माहौल बदल गया। धूलभरी आंधी के बाद हुई बारिश ने लोगों को राहत दी और लंबे समय बाद मौसम सुहावना महसूस हुआ।

खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें
आईएमडी ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। आवश्यकता होने पर ही घर से बाहर निकलें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। किसानों को भी खेतों में काम करने से बचने और मौसम सामान्य होने तक इंतजार करने की सलाह दी गई है।
आंधी, बारिश और वज्रपात जैसी स्थितियां उत्पन्न हुई
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बिहार के मध्य भागों में सक्रिय मौसमी प्रणाली और वातावरण में मौजूद नमी के कारण तेजी से बादल बने हैं। इसी वजह से आंधी, बारिश और वज्रपात जैसी स्थितियां उत्पन्न हुई हैं। अगले कुछ घंटों तक पटना और आसपास के क्षेत्रों में मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है।फिलहाल, मौसम ने गर्मी से राहत जरूर दी है, लेकिन तेज हवा और वज्रपात के खतरे को देखते हुए लोगों को पूरी सतर्कता बरतने की जरूरत है। प्रशासन और मौसम विभाग की सलाह का पालन करना ही सुरक्षित रहने का सबसे बेहतर तरीका है।
