NEWS PR डेस्क:बोधगया (गया):राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के 79वें जन्मदिन के अवसर पर बोधगया विधानसभा क्षेत्र में उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिला। बोधगया विधायक कुमार सर्वजीत के निजी आवास पर केक काटकर लालू यादव का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मिठाइयां बांटी गईं और खुशी का इजहार किया गया।

सामाजिक न्याय की विचारधारा का उल्लेख
इस अवसर पर विधायक कुमार सर्वजीत ने लालू प्रसाद यादव के राजनीतिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने गरीबों, पिछड़ों और वंचित वर्गों को अधिकार और सम्मान दिलाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि लालू यादव सामाजिक न्याय की राजनीति के प्रतीक हैं, जिन्होंने कमजोर तबकों को राजनीतिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाया।

वायरल वीडियो पर सफाई
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक कथित वीडियो को लेकर पूछे गए सवाल पर विधायक ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है और भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है।उन्होंने स्पष्ट किया कि “लठैतों की पार्टी” वाला कथन उनकी ओर से नहीं, बल्कि राजनीतिक विरोधियों द्वारा लगाए गए आरोपों का उल्लेख था।

विधायक ने यह भी कहा कि वीडियो को तोड़-मरोड़कर वायरल करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में गया के वरीय पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की जाएगी। साथ ही कुछ लोगों की पहचान कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
एमएलसी टिकट विवाद पर प्रतिक्रिया
उपेंद्र कुशवाहा के पुत्र को एमएलसी टिकट नहीं मिलने से जुड़े सवाल पर विधायक ने कहा कि उनकी राजनीति किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय के सिद्धांतों पर आधारित है। उन्होंने सभी वर्गों के अधिकारों की बात दोहराई।राजद पर लगने वाले परिवारवाद के आरोपों को उन्होंने पुराना और बार-बार दोहराया जाने वाला राजनीतिक मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे को लगातार उठाता रहता है, जबकि जमीनी हकीकत अलग है।
राबड़ी देवी की सुरक्षा और सरकार पर निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की सुरक्षा में कटौती को लेकर पूछे गए सवाल पर विधायक ने बिहार सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि राज्य में बेरोजगारी, शिक्षा और विकास जैसे मुद्दे अधिक महत्वपूर्ण हैं, लेकिन सरकार का ध्यान इन पर नहीं है।उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं पर लाठीचार्ज हो रहा है और विकास परियोजनाएं प्रभावित हैं, जबकि कई सड़क योजनाओं के टेंडर होने के बावजूद काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट
