NEWS PR डेस्क : बिहार के गया जिले को औद्योगिक एवं तकनीकी विकास के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। खिजरसराय प्रखंड के देवगांव में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय के तहत बनने वाले अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी सेंटर के मुख्य भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय एमएसएमई मंत्री जीतन राम मांझी ने संयुक्त रूप से आधारशिला रखी। करीब 170 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह टेक्नोलॉजी सेंटर लगभग 20 एकड़ भूमि में विकसित किया जाएगा। परियोजना के भवन निर्माण पर लगभग 83 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जबकि संपूर्ण योजना पर 170 करोड़ रुपये की राशि व्यय होगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि यह परियोजना गया समेत पूरे मगध क्षेत्र के युवाओं के लिए नए अवसर लेकर आएगी। उन्होंने बताया कि केंद्र में आधुनिक तकनीकी सुविधाएं, प्रशिक्षण प्रयोगशालाएं तथा उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकास संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। अनुमान है कि यहां प्रतिवर्ष लगभग 10 हजार युवाओं को प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल स्टेडियम के निर्माण की भी घोषणा
मुख्यमंत्री ने गया में एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल स्टेडियम के निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इसके लिए बिहार सरकार 40 एकड़ भूमि उपलब्ध कराएगी। साथ ही उन्होंने फल्गु नदी में वर्षभर जल प्रवाह सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न योजनाओं पर काम करने की बात कही। अपने संबोधन में सम्राट चौधरी ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी व्यवस्था बनाने की दिशा में कार्य करेगी जिससे सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता इतनी बेहतर हो कि विद्यार्थियों को कोचिंग संस्थानों पर निर्भर न रहना पड़े। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट
