NEWS PR डेस्क:बिहार के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में घटना के आठवें दिन एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया। मामले को लेकर बढ़ते सवालों और परिजनों की नाराजगी के बीच भोजपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राज गुरुवार को खुद मृतक भरत तिवारी के घर पहुंचे। उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उनकी बातें सुनीं और पूरे मामले की जानकारी ली।

इस दौरान आरा सदर एसडीपीओ-2 रंजीत कुमार सिंह, डीएसपी पंकज मिश्रा समेत कई वरीय पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने परिजनों से घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की और उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना।
परिजनों ने उठाए कई सवाल
मुलाकात के दौरान भरत तिवारी के परिजनों ने एनकाउंटर की परिस्थितियों को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े किए। मृतक के भाई चंदन तिवारी ने बताया कि उन्होंने एसपी से पूछा कि यदि भरत ने कथित तौर पर अपनी पिस्टल फेंक दी थी, तो फिर उसे गोली मारने की आवश्यकता क्यों पड़ी।
चंदन तिवारी के अनुसार, एसपी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि मामले के हर पहलू की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाएगी। हालांकि उन्होंने कहा कि परिवार फिलहाल आश्वासनों से संतुष्ट नहीं है और उनकी प्राथमिक मांग दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा न्याय सुनिश्चित करने की है।
मां ने की CBI जांच और सुरक्षा की मांग
भरत तिवारी की मां आशा देवी ने एसपी के समक्ष मामले की सीबीआई जांच कराने और पूरे परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि एसपी ने निष्पक्ष जांच के साथ-साथ परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया है। आशा देवी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि जांच निष्पक्ष होगी और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
परिवार को सुरक्षा का भरोसा
परिवार की बड़ी बहू ने भी बताया कि एसपी ने सुरक्षा को लेकर पूरी जिम्मेदारी लेने का भरोसा दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में जांच सही दिशा में आगे बढ़ेगी और परिवार को न्याय मिलेगा हालांकि इस पूरे घटनाक्रम के बाद जब मीडिया ने भोजपुर एसपी से मुलाकात और जांच की प्रगति को लेकर सवाल पूछे, तो उन्होंने कैमरे पर कोई भी बयान देने से इनकार कर दिया।
अब सबकी नजर जांच पर
एसपी की यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं और परिजन सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पुलिस की जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और क्या परिवार की मांगों पर कोई ठोस निर्णय लिया जाता है फिलहाल बिहार के सबसे चर्चित मामलों में शामिल इस एनकाउंटर केस पर पूरे राज्य की नजर बनी हुई है। आरा से आकाश कुमार की रिपोर्ट
