श्रावणी मेला को लेकर सुल्तानगंज स्टेशन पर रेलवे अलर्ट, डीआरएम ने किया निरीक्षण

कांवड़ियों की सुविधा के लिए रेलवे की बड़ी तैयारी, 15 जुलाई तक सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का निर्देश।

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला को लेकर रेलवे प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। लाखों कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मालदा मंडल के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने गुरुवार को सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन परिसर, साफ-सफाई, कांवड़ियों के विश्राम स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रावणी मेला शुरू होने से पहले 15 जुलाई तक सभी तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं।
श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रावणी मेला में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को बेहतर एवं सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए स्टेशन परिसर में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पेयजल, पर्याप्त शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य केंद्र, सुरक्षा बलों की तैनाती और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन और आराम की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सुल्तानगंज-देवघर के बीच चलेंगी विशेष ट्रेनें
श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। डीआरएम ने बताया कि सुल्तानगंज से देवघर के बीच विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले कांवड़ियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी, ताकि यात्रा के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि स्टेशन पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत भक्ति गीतों और धार्मिक वातावरण के बीच किया जाएगा, जिससे उन्हें आध्यात्मिक अनुभूति हो सके।
जनप्रतिनिधियों ने सौंपा मांगपत्र
निरीक्षण के दौरान सांसद प्रतिनिधि पवन केसान एवं अकबरनगर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अंजीत कुमार ने डीआरएम को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में सुल्तानगंज एवं अकबरनगर रेलवे स्टेशन पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था, महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव, नई ट्रेनों के संचालन, स्टेशन रोड में नाला निर्माण तथा पर्याप्त शौचालय की व्यवस्था की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
डीआरएम ने सभी मांगों पर सकारात्मक विचार करने और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। इस अवसर पर विनय कुमार, अभिषेक विक्की, मुक्ति कुमार, पिंटू कुमार, कन्हैया झा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। भागलपुर से शयामानंद सिंह की रिपोर्ट

Share This Article