मुहर्रम पर दरभंगा में खूनी संघर्ष: युवक ने ASI को मारी गोली, आरोपी की पीट-पीटकर हत्या; पुलिस ने शुरू की जांच

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: दरभंगा, 26 जून। दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के उझौल गांव में शुक्रवार तड़के अखाड़े की ट्यूब लाइट बुझाने को लेकर हुए आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। इस घटना में एक व्यक्ति की गोली मारकर घायल कर दिया गया है, जबकि दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति की पीट-पीटकर जान ले ली गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और फॉरेंसिक टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए लगाया गया है।

क्या है पूरा मामला?

दरभंगा पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 26 जून 2026 की सुबह करीब 4:30 बजे बहादुरपुर थाना क्षेत्र के उझौल गांव में आपसी विवाद के दौरान सुनील सहनी (पिता- दिलीप सहनी) ने मो. मोबिन (उम्र करीब 50 वर्ष, पिता- स्व. इलियास, निवासी उझौल) के पेट में गोली मार दी। घायल मो. मोबिन को इलाज के लिए पारस अस्पताल, दरभंगा में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, मो. मोबिन वर्तमान में पटना जिला बल में सहायक अवर निरीक्षक (ASI) के पद पर पदस्थापित हैं। इसके बाद ग्रामीणों ने कथित तौर पर सुनील सहनी की लाठी और फरसा से पिटाई कर दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही बहादुरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की। शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच, दरभंगा भेज दिया गया है। घटनास्थल को एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने अपने कब्जे में लेकर साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) दरभंगा, पुलिस उप-महानिरीक्षक (DIG) मिथिला क्षेत्र सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-1) भी मौके पर कैंप कर रहे हैं।

मृतक सुनील सहनी पर पहले से दर्ज थे कई आपराधिक मामले

दरभंगा पुलिस के मुताबिक मृतक सुनील सहनी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ दरभंगा और आसपास के जिलों के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। दरभंगा पुलिस ने कहा है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।

घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Share This Article