भागलपुर में मोहर्रम जुलूस के दौरान दो अखाड़ों में भिड़ंत, कई घायल; पुलिस जांच में जुटी

Rashmi Tiwari

भागलपुर शहर में मोहर्रम के जुलूस के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दो अखाड़ों के बीच मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे चलने लगे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात पर काबू पाया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

भागलपुर शहर में मोहर्रम के जुलूस के दौरान दो अखाड़ों के बीच हुए विवाद ने कुछ देर के लिए पूरे इलाके का माहौल तनावपूर्ण बना दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किसी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

इस घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। वहीं, हंगामे के दौरान एक डीजे वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे आयोजकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग आपस में भिड़ते नजर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराकर स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना दोबारा न हो।

सिटी एसपी ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। वायरल वीडियो समेत सभी उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जाएगी और जो भी व्यक्ति कानून हाथ में लेते हुए दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

Share This Article