NEWS PR डेस्क: पटना के बांस घाट स्थित आधुनिक श्मशान घाट में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। स्मार्ट सिटी योजना के तहत करीब 89.40 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह अत्याधुनिक श्मशान घाट अब पूरी तरह से संचालन में आ गया है। इस श्मशान घाट के संचालन की जिम्मेदारी अगले 10 वर्षों के लिए ईशा आउटरीच फाउंडेशन को सौंपी गई है।

BPL परिवारों के लिए मुफ्त सुविधा
वहीं ईशा आउटरीच फाउंडेशन के अनुसार, अब BPL कार्डधारकों को अंतिम संस्कार की निःशुल्क सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही लावारिस शवों का भी पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। संस्था के स्वयंसेवी नवनीत रंजन ने बताया कि वर्तमान में 14 प्रशिक्षित कर्मचारी कार्यरत हैं, जिन्हें बढ़ाकर 25 किया जाएगा, ताकि संचालन और अधिक बेहतर तरीके से किया जा सके।
आधुनिक सुविधाओं से लैस श्मशान घाट
करीब 4.5 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित इस श्मशान घाट में एक साथ लगभग 18 अंत्येष्टि की सुविधा उपलब्ध है। इसमें 4 विद्युत शवदाह गृह, 6 लकड़ी आधारित शवदाह और 8 पारंपरिक अंत्येष्टि स्थल शामिल हैं। यह श्मशान घाट पुराने घाट की तुलना में कई गुना अधिक सुविधाओं से लैस है और यहां श्रद्धांजलि, प्रतीक्षालय, पेयजल, स्वच्छ शौचालय, पार्किंग और प्रकाश व्यवस्था जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
अंतिम संस्कार के लिए विस्तृत व्यवस्था
मोक्ष द्वार के पास अंत्येष्टि से जुड़ी लगभग 45 प्रकार की सामग्री उपलब्ध कराई गई है, जिनमें कपड़ा, घी, चंदन, अगरबत्ती, कपूर, हवन सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं। प्रशासन के अनुसार, इस नई व्यवस्था से अंतिम संस्कार की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित, सम्मानजनक और सुविधाजनक बनेगी।
