NEWS PR डेस्क: सासाराम (रोहतास): रोहतास जिले के डेहरी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोन नहर के हदहदवा पुल के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। पुलिस ने नहर किनारे से एक 9 वर्षीय बालक का शव बरामद किया है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।

मृत बालक की पहचान इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के पटनवा खुर्द गांव निवासी शशि कुमार के पुत्र आदित्य कुमार के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि आदित्य सोमवार की सुबह से ही अपने घर से लापता था। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की और मामले की सूचना पुलिस को भी दी, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। मंगलवार को जब घर से करीब 10 किलोमीटर दूर सोन नहर से उसका शव बरामद हुआ, तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए और माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया।
पुलिस ने घटना को दुर्घटना की आशंका बताया
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने घटना को दुर्घटना की आशंका बताया है। माना जा रहा है कि बच्चा खेलते समय नहर किनारे पहुंच गया होगा, जहां पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि की जाएगी।
किसी तरह की अनहोनी की आशंका से इनकार
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि मृतक आदित्य अपने दो भाइयों में बड़ा था और तीसरी कक्षा में पढ़ाई करता था। पिता खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिजनों ने भी इस घटना को दुर्घटना मानते हुए किसी तरह की अनहोनी की आशंका से इनकार किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट
