मोतिहारी जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र में मंगलवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अपने घर की छत पर चढ़ गया और शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह की धमकी देने लगा। घटना के बाद प्रशासनिक टीम और पुलिस बल के बीच हड़कंप की स्थिति बन गई। हालांकि समय रहते पुलिस ने युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।
जानकारी के अनुसार, तुरकौलिया चौक के समीप लोक निर्माण विभाग (PWD) की जमीन पर वर्षों से किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन मंगलवार को कार्रवाई करने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि इस मामले में हाई कोर्ट ने जमीन खाली कराने का आदेश दिया था, जिसके अनुपालन में अंचलाधिकारी संतोष कुमार पुलिस बल और जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंचे थे।
अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू होते ही विरोध शुरू हो गया। इसी दौरान स्थानीय स्तर पर ग्रामीण चिकित्सक बताए जा रहे डी. आलम नामक युवक अपने घर के अंदर गया और कुछ देर बाद पेट्रोल का गैलन लेकर छत पर चढ़ गया। युवक ने अपने ऊपर पेट्रोल डालते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और मकान तोड़े जाने का विरोध करते हुए आत्मदाह की चेतावनी देने लगा। उसने मकान के बदले मुआवजे की भी मांग की।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत और समझाइश के बाद पुलिस टीम ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया, जिससे मामला शांत हुआ।
अंचलाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण के लिए किसी प्रकार के मुआवजे का प्रावधान नहीं है। उन्होंने कहा कि हाई कोर्ट के आदेश के तहत कार्रवाई की जा रही है और इसे नियमानुसार पूरा किया जाएगा।वहीं सदर एसडीओ निशांत सिहारा ने कहा कि प्रशासन अदालत के आदेश का पालन कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने या अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में व्यवधान उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल इलाके में पुलिस बल की तैनाती की गई है और प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है। मोतिहारी से संतोष राउत की रिपोर्ट
