बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के तारीखों का हुआ ऐलान, 30 जुलाई को मतदान; 3 अगस्त को आएंगे नतीजे

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 02 जुलाई। निर्वाचन आयोग ने बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान कराया जाएगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। अधिसूचना जारी होने के साथ ही राजधानी पटना में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद रिक्त हुई थी। लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ मानी जाने वाली इस सीट पर होने वाला उपचुनाव राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। ऐसे में सत्तारूढ़ एनडीए के साथ-साथ महागठबंधन की भी नजर इस सीट पर टिकी हुई है।

निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक 6 जुलाई को अधिसूचना जारी होगी और इसी दिन से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उम्मीदवार 13 जुलाई तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 16 जुलाई तक नाम वापस लेने का अवसर मिलेगा। इसके बाद 30 जुलाई को मतदान होगा और 3 अगस्त को मतगणना के साथ विजेता का फैसला हो जाएगा। चुनाव प्रक्रिया 4 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी।

बांकीपुर सीट के उपचुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। भाजपा इस सीट पर अपना दबदबा कायम रखने की कोशिश करेगी, वहीं विपक्ष इसे सत्ता पक्ष को चुनौती देने के अवसर के रूप में देख रहा है। उम्मीदवारों के नामों को लेकर भी जल्द ही राजनीतिक दलों की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

इस बीच निर्वाचन आयोग ने बिहार के अलावा मध्य प्रदेश और गुजरात की एक-एक विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव कराने की घोषणा की है। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर विधायक के अयोग्य घोषित होने के कारण चुनाव कराया जाएगा, जबकि गुजरात की मांजलपुर सीट विधायक योगेशभाई नारायणदास पटेल के निधन के बाद रिक्त हुई है। तीनों राज्यों में उपचुनाव का कार्यक्रम एक साथ घोषित किया गया है।

Share This Article