NEWS PR डेस्क: भागलपुर के जगदीशपुर थाना क्षेत्र की एक महिला ने जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को आवेदन देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि 10 लाख रुपये की कथित रंगदारी नहीं देने पर हथियारों से लैस लोगों ने उसके घर पर हमला कर बमबारी, फायरिंग, मारपीट और लूटपाट की। पीड़िता ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

पीड़िता बीबी रही, पत्नी मोहम्मद शमशाद, निवासी मकबरा, पुरैनी ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि घटना से चार दिन पहले मोहम्मद हिरु, मोहम्मद मिंटू, मोहम्मद खालिद और उनके सहयोगियों ने उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। परिवार इस संबंध में पुलिस से शिकायत करने की तैयारी कर रहा था।
हथियारों के साथ घर पहुंचने का आरोप
महिला के अनुसार, इसके बाद नामजद आरोपियों समेत 20 से 25 अज्ञात लोग हॉकी, लोहे की रॉड, पिस्तौल और बम लेकर उनके घर पहुंचे। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए घर पर बमबारी और फायरिंग की तथा जबरन घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की।
जेवर और नकदी लूटने का भी आरोप
आवेदन के अनुसार, हमलावर घर में रखे लगभग 7 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, 90 हजार रुपये नकद तथा अन्य सामान अपने साथ ले गए। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि परिवार की महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया और विरोध करने पर जान से मारने तथा गोली मारने की धमकी दी गई।
थाना में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप
पीड़िता का कहना है कि घटना के तुरंत बाद जगदीशपुर थाना में लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका आरोप है कि शिकायत करने के बाद भी आरोपी लगातार केस वापस लेने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, जिससे पूरा परिवार भय के माहौल में जी रहा है।
एसएसपी से निष्पक्ष जांच की मांग
महिला ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सभी नामजद एवं अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से इस आवेदन पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। मामले की सत्यता और लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
