सुपौल: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम

तेज रफ्तार बनी जानलेवा, सुपौल के बगही में सड़क हादसे ने छीन ली एक और जिंदगी।

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:सुपौल: जिले के बगही के समीप हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान करिहो निवासी छेदी सादा के पुत्र राजकुमार सादा के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, राजकुमार सादा अपनी मोटरसाइकिल से पथरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बगही के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।


स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल, सुपौल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल लाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।सुपौल से अल्ताफ राजा की रिपोर्ट

Share This Article