NEWS PR डेस्क:सुपौल में सोमवार को एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। पिपरा रोड स्थित पी विशाल होंडा शोरूम के समीप भारत गैस की एक वाहन ने सवारी से भरे टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो पर सवार कई यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेजा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सतीश भारत गैस ग्रामीण वितरण, पथरा की गैस वाहन (संख्या BR 50GA 6838) ने तेज रफ्तार में टेंपो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद गैस वाहन का चालक मौके से फरार हो गया।
फॉलो-अप जांच के लिए जा रहे थे यात्री
जानकारी के अनुसार, टेंपो में सवार सभी लोग गणपतगंज-सिमराही क्षेत्र के निवासी हैं। वे अपनी एक महिला परिजन को फॉलो-अप जांच के लिए सुपौल स्थित आनंद प्रेरणा हॉस्पिटल ले जा रहे थे। परिजनों ने बताया कि करीब 15 दिन पहले डॉ. बी.के. यादव द्वारा उनका ऑपरेशन किया गया था और सोमवार को चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल आना था। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।
स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। घायलों को टेंपो से बाहर निकालकर एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। सदर थाना अध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।सुपौल से अल्ताफ राजा की रिपोर्ट
