नरकटियागंज अस्पताल में नवजात की मौत पर बवाल, जीएनएम पर पैसे मांगने और लापरवाही का आरोप

प्रसव के दौरान नवजात की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा, जांच के आदेश; परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क:पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज अनुमंडलीय अस्पताल में मंगलवार सुबह नवजात की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। करीब दो घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने अस्पताल कर्मियों पर प्रसव के समय लापरवाही और पैसे मांगने का गंभीर आरोप लगाया। सूचना मिलने पर पुलिस और अस्पताल प्रबंधन मौके पर पहुंचा, जिसके बाद मामले को शांत कराया गया।


जानकारी के अनुसार, शिकारपुर थाना क्षेत्र के खिरिया मठिया वार्ड-1 निवासी प्रहलाद साह की पत्नी सीमा देवी को प्रसव पीड़ा होने पर सोमवार को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रसव के दौरान नवजात की मौत हो गई, जिसके बाद परिजन आक्रोशित हो गए।
जीएनएम पर रुपये मांगने का आरोप
मृत नवजात के पिता प्रहलाद साह का आरोप है कि अस्पताल में कार्यरत जीएनएम अर्चना कुमारी, खुशबू कुमारी और संगीता कुमारी ने प्रसव के दौरान नाल काटने के नाम पर एक हजार रुपये की मांग की। उनका दावा है कि उन्होंने 500 रुपये भी दिए, लेकिन समय पर नाल नहीं काटी गई, जिससे नवजात की मौत हो गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के समय अस्पताल में चिकित्सक ड्यूटी पर मौजूद नहीं थे और नर्सिंग स्टाफ द्वारा अवैध वसूली की जा रही थी।
जांच के आश्वासन के बाद शांत हुआ मामला
हंगामे की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। अस्पताल प्रबंधक विपिन राज ने परिजनों से बातचीत कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए। अस्पताल प्रबंधन ने कहा है कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, परिजन दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहे हैं।पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article