NEWS PR डेस्क:सुपौल सदर प्रखंड की बरूआरी पंचायत के वार्ड संख्या-7 स्थित मंडल टोला प्राथमिक विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं के अभाव का मामला सामने आया है। विद्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया, जिसमें कई आवश्यक सुविधाओं की कमी उजागर हुई।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहम्मद शाहनवाज से विद्यालय की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई। उन्होंने बताया कि हल्की बारिश होते ही विद्यालय परिसर में जलजमाव हो जाता है, जिससे छात्रों और शिक्षकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय में अब तक चारदीवारी और मुख्य गेट का निर्माण नहीं हुआ है। इसके अलावा छात्रों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नहीं है, रसोईघर (किचन) का अभाव है तथा पर्याप्त संख्या में डेस्क और बेंच भी उपलब्ध नहीं हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
डीएम को सौंपा जाएगा ज्ञापन
निरीक्षण के बाद निर्णय लिया गया कि विद्यालय की समस्याओं को लेकर सुपौल के जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन में विद्यालय की चारदीवारी एवं मुख्य गेट का निर्माण, परिसर में मिट्टी भराई कर जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, किचन निर्माण और पर्याप्त संख्या में डेस्क-बेंच उपलब्ध कराने की मांग की जाएगी।
आंदोलन की चेतावनी
निरीक्षण के दौरान यह भी कहा गया कि यदि प्रशासन द्वारा जल्द इन मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं को लेकर आंदोलन किया जाएगा।सुपौल से अल्ताफ राजा की रिपोर्ट
