NEWS PR डेस्क:-बेतिया। शहर के कालीबाग थाना क्षेत्र में घर की सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे की चोरी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाना स्तर पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर न्याय की मांग की है। मामला कालीबाग थाना क्षेत्र के वसंतपुर टोला मोहल्ले का है। पीड़ित अब्दुल रहमान खान ने अपने आवेदन में बताया है कि 26 जून की रात उनके घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को मोहल्ले के ही कुछ लोगों द्वारा सीढ़ी लगाकर चोरी कर लिया गया।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि इस मामले में उन्होंने कालीबाग थाना में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि थाना स्तर से आवेदन वापस लेने का दबाव बनाया गया। अब्दुल रहमान खान के अनुसार, उन्होंने अपनी और परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे। उनका दावा है कि घटना की पूरी गतिविधि आसपास लगे दूसरे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसमें कथित आरोपियों की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और चोरी हुए सीसीटीवी कैमरे की बरामदगी की मांग की है। फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस की प्रतिक्रिया और जांच के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट।
