बैंक से पैसे निकाल लौट रहे युवक से 75 हजार की लूट, लोहे की रॉड से हमला कर बदमाश फरार

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: छपरा/सारण, 09 जुलाई। बिहार के सारण जिले में बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहे एक युवक से अपराधियों ने 75 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने युवक पर लोहे की रॉड से हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना मांझी थाना क्षेत्र के कबीरपार मठिया गांव के पास की है।

जानकारी के अनुसार, दाउदपुर थाना क्षेत्र के बंगरा मठिया निवासी जहीर मंसूरी उर्फ बबलू मांझी डुमरी स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखा से 75 हजार रुपये निकालकर साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे दो अपराधियों ने उन्हें रोक लिया।

बताया जाता है कि बदमाशों ने युवक पर लोहे की रॉड से हमला कर उसे घायल कर दिया और उसके पास मौजूद 75 हजार रुपये से भरा झोला छीनकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल युवक को इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहीं, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने घायल युवक के फर्द बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article