NEWS PR डेस्क:-गया: बिहार के गया शहर में पैसों के लेन-देन का विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मेडिकल थाना क्षेत्र के गोपालपुर में देर रात एक 23 वर्षीय युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान गौतम कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सूद-ब्याज पर रुपये उधार देने का काम करता था। इसी सिलसिले में उसका बोधगया क्षेत्र के मड़ई गांव निवासी अभिषेक कुमार से पैसों का लेन-देन था। देर रात दोनों के बीच इसी मुद्दे पर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
घर से 50 मीटर दूर चाकू से ताबड़तोड़ हमला
विवाद के दौरान आरोपी अभिषेक ने कथित तौर पर गौतम पर चाकू से कई वार कर दिए। हमले में गौतम के पेट और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। वारदात उसके घर से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई। गंभीर रूप से घायल गौतम को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय मौके पर अन्य लोग भी मौजूद थे, लेकिन आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया।
रात में ही पुलिस ने दबोचा आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी अभिषेक कुमार, डीएसपी धर्मेंद्र भारती और मेडिकल थाना इंस्पेक्टर कृष्ण सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने रात में ही घेराबंदी कर आरोपी अभिषेक कुमार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल थाना इंस्पेक्टर कृष्ण सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। फिलहाल पीड़ित परिवार की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट
