NEWS PR डेस्क:भागलपुर। बिहार पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भागलपुर जिले के शाहकुंड थाना क्षेत्र में संचालित एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में निर्मित और अर्धनिर्मित हथियार, हथियार बनाने के उपकरण तथा अन्य सामग्री बरामद की गई। इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि फैक्ट्री का मुख्य संचालक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

भागलपुर के सिटी एसपी अतुलेश झा ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शाहकुंड थाना क्षेत्र के हरनथ गांव स्थित मोहम्मद रिजवान के घर में अवैध हथियार बनाने का कारोबार चल रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद शाहकुंड थाना पुलिस, भागलपुर एसटीएफ और पश्चिम बंगाल एसटीएफ की संयुक्त टीम ने देर रात छापेमारी की।
मुख्य आरोपी मोहम्मद रिजवान फरार होने में सफल …
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में तैयार और अर्धनिर्मित हथियार, हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और अन्य सामान जब्त किया। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही मुख्य आरोपी मोहम्मद रिजवान फरार होने में सफल रहा। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोहम्मद कासिम, मोहम्मद समीम, मोहम्मद मिराज, मोहम्मद मैसर और जब्बार मंसूरी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में चार मुंगेर जिले के निवासी हैं, जबकि जब्बार मंसूरी शाहकुंड थाना क्षेत्र का रहने वाला है।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी ..
सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पूछताछ के आधार पर अवैध हथियार निर्माण और तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। वहीं, फरार मुख्य आरोपी मोहम्मद रिजवान की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है और अवैध हथियार कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
