NEWS PR डेस्क: मधुबनी, 11 जुलाई। जिले में आयुष्मान भारत योजना और आयुष्मान वय वंदना योजना का लाभ सभी पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि 21 जुलाई 2026 से लगातार 15 दिनों तक अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति टोलों में विशेष शिविर लगाकर आयुष्मान कार्ड और आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनाए जाएं।
अभियान के तहत विकास मित्रों की मदद से पंचायत स्तर पर पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उनका कार्ड बनाया जाएगा। जिन लाभार्थियों का मौके पर कार्ड नहीं बन सकेगा, उन्हें निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) भेजकर कार्ड निर्माण की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाता है। वहीं 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिक, उनकी आर्थिक या सामाजिक स्थिति चाहे जो भी हो, आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत कार्ड बनवाने के पात्र हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति टोलों में अब तक वंचित पात्र लाभार्थियों की पहचान कर निर्धारित अवधि में उनका कार्ड निर्माण सुनिश्चित किया जाए। अभियान के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बरतने वाले विकास मित्रों अथवा अन्य कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान की निगरानी के लिए वरीय उप समाहर्ता ज्योति रानी को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। वे जिला कल्याण पदाधिकारी और जिला कार्यक्रम समन्वयक, आयुष्मान भारत के साथ मिलकर पूरे अभियान की मॉनिटरिंग करेंगी। वहीं जिला क्रियान्वयन इकाई, आयुष्मान भारत को नए यूजर आईडी उपलब्ध कराने और तकनीकी सहायता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया है।
