NEWS PR डेस्क:सुपौल: जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 204 ग्राम स्मैक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर बाबू साहब पेट्रोल पंप से लगभग 200 मीटर उत्तर स्थित इलाके में की। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों संदिग्धों की घेराबंदी कर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान एक आरोपी अंकित कुमार उर्फ रामविलास के हेलमेट के अंदर विशेष तरीके से छिपाकर रखी गई 204 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर किशनपुर थाना ले गई।

पूछताछ में गिरफ्तार युवकों की पहचान अंकित कुमार उर्फ रामविलास (23 वर्ष) और किशोर कुमार (24 वर्ष) के रूप में हुई। दोनों सिंगयावन गांव, वार्ड संख्या-2 के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने बरामद स्मैक को जब्त कर लिया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि स्मैक की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे पहुंचाया जाना था। पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। सुपौल से अल्ताफ राजा की रिपोर्ट
