आंखों से देख नहीं सकते…नवादा के किसान बेटे रवि राज ने UPSC में हासिल की 20वीं रैंक

Asha Rai
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी हो गया है और इस बार भी बिहार के युवाओं ने शानदार प्रदर्शन किया है। इसी कड़ी में बिहार के नवादा जिले के रहने वाले दृष्टिबाधित युवक रवि राज ने अपनी मेहनत और हौसले के दम पर बड़ी सफलता हासिल की है। आंखों की रोशनी न होने के बावजूद उन्होंने Union Public Service Commission (UPSC) की परीक्षा में ऑल इंडिया 20वीं रैंक प्राप्त कर सबको प्रेरित किया है।

नवादा के महुली गांव के रहने वाले हैं रवि राज

रवि राज नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड के महुली गांव के निवासी हैं। किसान परिवार से आने वाले रवि राज ने अपनी मजबूत इच्छाशक्ति और कड़ी मेहनत से यह साबित कर दिया कि अगर लक्ष्य तय हो तो कोई भी बाधा सफलता के रास्ते में रुकावट नहीं बन सकती। उनकी इस उपलब्धि से न सिर्फ नवादा बल्कि पूरे बिहार में खुशी और गर्व का माहौल है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

पहले भी साबित कर चुके हैं अपनी प्रतिभा

रवि राज इससे पहले भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। उन्होंने Bihar Public Service Commission की परीक्षा पास कर राजस्व अधिकारी के पद पर चयन हासिल किया था और उस परीक्षा में वे जिला टॉपर भी रहे थे। अब यूपीएससी में 20वीं रैंक हासिल कर उन्होंने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है।

पहले ही प्रयास में मिली सफलता

रवि राज की प्रारंभिक शिक्षा दयाल पब्लिक स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने इंटरमीडिएट की पढ़ाई सत्येंद्र नारायण सिंह इंटर स्कूल से पूरी की। आगे की पढ़ाई उन्होंने सीताराम साहू कॉलेज से राजनीति विज्ञान में स्नातक के रूप में पूरी की। उन्होंने बताया कि यूपीएससी की यह उनकी पहली कोशिश थी और इसी प्रयास में उन्हें सफलता मिल गई। तैयारी के दौरान वे घर पर रहकर प्रतिदिन करीब 8 से 10 घंटे तक पढ़ाई करते थे।

किराए के मकान में रहकर की तैयारी

वर्तमान में रवि राज नवादा के नवीन नगर मोहल्ले में किराए के मकान में रहते हैं। उनकी इस उपलब्धि से गांव और आसपास के इलाके में खुशी का माहौल है। उनके माता-पिता, विभा सिन्हा और रंजन कुमार सिन्हा, अपने बेटे की सफलता पर बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं।

रवि राज की यह सफलता इस बात का उदाहरण है कि मजबूत इरादे और मेहनत के दम पर किसी भी मुश्किल को पार किया जा सकता है। उनकी कहानी आज लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article