पत्रकार से शायर बने आनंद कौशल, ग़ज़ल संग्रह ‘हमनशीं’ से साहित्य जगत में दी दमदार दस्तक

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पटना, 19 जुलाई। अपनी तेज़-तर्रार पत्रकारिता और मीडिया रणनीति के लिए पहचाने जाने वाले वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार आनंद कौशल ने अब साहित्य की दुनिया में भी अपनी पहचान दर्ज कराई है। उनका पहला ग़ज़ल संग्रह ‘हमनशीं’ पाठकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

‘हमनशीं’ महज़ ग़ज़लों और शेर-ओ-शायरी का संकलन नहीं, बल्कि प्रेम, विरह, तन्हाई, उम्मीद और ज़िंदगी के गहरे एहसासों की संवेदनशील अभिव्यक्ति है। पुस्तक में शामिल ग़ज़लें रिश्तों की नज़ाकत और इंसानी भावनाओं को बेहद सहज भाषा में सामने लाती हैं।

पुस्तक की चर्चित पंक्तियां—

“सब कुछ था पास मेरे एक तेरे इश्क के सिवा,
आज हूं बीमार-ए-इश्क, कुछ नहीं हैं बस तन्हाइयां।”

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

और

“लोग कहते हैं आवारा मेरी आवारगी देखकर,
ये बेचारगी ‘कौशल’ तेरी फ़ितरत ही तो है…”

पाठकों को भावनाओं की ऐसी दुनिया में ले जाती हैं, जहां हर शेर किसी न किसी जीवन अनुभव से जुड़ता हुआ महसूस होता है।

‘हमनशीं’ का सबसे सशक्त पक्ष यह है कि आनंद कौशल ने दर्द को केवल भावुकता का माध्यम नहीं बनने दिया, बल्कि उसे जीवन-बोध की गहराई से जोड़ा है। उनकी ग़ज़लों में तन्हाई का अनुभव है, किंतु वह आत्म-दया में परिवर्तित नहीं होता; प्रेम की तपिश है, पर शिकायतों और आरोपों का अनावश्यक कोलाहल नहीं। उनकी शायरी में आशा भी उपस्थित है, किंतु वह किसी कृत्रिम या आरोपित आशावाद का परिणाम नहीं, बल्कि जीवन की जटिलताओं को स्वीकार करने से उपजी आंतरिक आस्था है।

यही कारण है कि उनकी ग़ज़लें पाठक को केवल भावनात्मक रूप से स्पर्श नहीं करतीं, बल्कि उसे जीवन और मानवीय संबंधों पर गंभीरता से विचार करने के लिए भी प्रेरित करती हैं। उनकी अभिव्यक्ति में एक सजग पत्रकार की यथार्थपरक दृष्टि और एक संवेदनशील शायर का आत्मानुभव सहज रूप से एक-दूसरे में विलीन दिखाई देता है।

वरिष्ठ पत्रकार और मीडिया विशेषज्ञ के रूप में लंबे समय से सक्रिय आनंद कौशल की यह साहित्यिक पारी भी सराही जा रही है। साहित्य और पत्रकारिता से जुड़े लोग उनकी इस नई शुरुआत का स्वागत कर रहे हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि आने वाले समय में उनकी लेखनी साहित्य जगत को और भी यादगार रचनाएं देगी।

‘हमनशीं’ के माध्यम से आनंद कौशल ने यह साबित किया है कि शब्द जब दिल से निकलते हैं तो वे केवल कविता नहीं बनते, बल्कि पाठकों की भावनाओं का हिस्सा भी बन जाते हैं।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article