मनेर पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल मिलते ही खाली कराया गया परिसर

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 20 जुलाई। राजधानी पटना के मनेर स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सोमवार को इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धमकी भरा ई-मेल मिलते ही पुलिस और प्रशासन तत्काल हरकत में आ गया। एहतियात के तौर पर पासपोर्ट सेवा केंद्र और उससे जुड़े डाकघर को खाली करा दिया गया तथा पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब एक बजे मनेर डाकघर के आधिकारिक ई-मेल पर एक संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और परिसर की गहन तलाशी शुरू की गई।

सिटी एसपी (पश्चिम) साकेत कुमार ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल की सूचना मिलते ही पुलिस ने सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक कदम उठाए हैं। किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए कार्यालय को तत्काल खाली करा दिया गया है और बम निरोधक दस्ता पूरे परिसर की सघन जांच कर रहा है।

उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए साइबर टीम को भी लगाया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ई-मेल किस स्थान और किस माध्यम से भेजा गया। अधिकारियों का कहना है कि धमकी देने वाले की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पूरे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और जांच पूरी होने तक पुलिस किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की है।

दानापुर से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट

Share This Article