छात्रों के समर्थन में कांग्रेस का प्रदर्शन तेज, राहुल-प्रियंका पीएम आवास के पास धरने पर बैठे

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: नई दिल्ली, 21 जुलाई। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस ने मंगलवार को केंद्र सरकार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई वरिष्ठ नेता प्रधानमंत्री आवास के निकट धरने पर बैठ गए। इस दौरान पुलिस ने कई कांग्रेस सांसदों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।

कांग्रेस का यह मार्च प्रधानमंत्री आवास की ओर बढ़ रहा था, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के बीच नेताओं ने लोक कल्याण मार्ग के पास ही धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई नेताओं ने अपने दोनों हाथ नायलॉन की रस्सियों से बांधकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस युवा छात्रों के साथ हुई कथित क्रूरता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाब मांगने के लिए मार्च कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे पर न तो जवाबदेही तय करना चाहती है और न ही संसद में चर्चा के लिए तैयार है। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से इस्तीफे की भी मांग की।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। कांग्रेस का आरोप है कि छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सरकार संवेदनशीलता नहीं दिखा रही है, जबकि पार्टी ने इस विषय पर संसद में चर्चा कराने की भी मांग की है।

फिलहाल लोक कल्याण मार्ग के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पूरे घटनाक्रम पर पुलिस व प्रशासन की नजर बनी हुई है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article