पाकिस्तान को हराकर भारत ने जीता गोल्ड,एशियन गेम्स में 19वां स्वर्ण

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : भारत ने एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट फाइनल में पाकिस्तान को 19 रन से हराकर एक बार फिर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमा लिया। रोमांचक मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 211 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी। भारत की इस जीत में बल्लेबाजों के आक्रामक तेवर के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन ने निर्णायक भूमिका निभाई।

अभिषेक शर्मा ने उड़ाया गर्दा, तिलक वर्मा का भी तूफानी अर्धशतक
कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। भारत की शुरुआत हालांकि उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। वैभव सूर्यवंशी 9 गेंदों पर 15 रन बनाकर आउट हुए, जबकि संजू सैमसन सिर्फ 2 रन ही बना सके। इसके बाद अभिषेक शर्मा ने मोर्चा संभाला और पाकिस्तान के गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने महज 28 गेंदों में 61 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी पारी में सात छक्के और तीन चौके शामिल रहे।

अंतिम ओवरों में तिलक वर्मा ने भारत की रनगति को और तेज किया। उन्होंने 22 गेंदों पर नाबाद 51 रन बनाए। शिवम दुबे ने भी 15 गेंदों में 27 रन की उपयोगी पारी खेली और भारत को 211 रन तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।

192 रन पर रुकी पाकिस्तान की पारी
212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत दबाव में हुई। शुरुआती विकेट गंवाने के बाद टीम को हसन नवाज ने संभाला। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 96 रन की पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिलने के कारण पाकिस्तान लक्ष्य तक नहीं पहुंच सका।

भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा। अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और शिवम दुबे ने दो-दो विकेट लेकर पाकिस्तान की रनगति पर लगाम लगाई। जसप्रीत बुमराह को कोई विकेट नहीं मिला।
आखिरी ओवरों में पाकिस्तान को जीत के लिए तेज रन बनाने की जरूरत थी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने संयम बनाए रखा और पाकिस्तान को 192 रन पर रोक दिया। इसके साथ ही भारत ने 19 रन से जीत दर्ज कर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।
भारत की यह जीत एशियन गेम्स में पुरुष क्रिकेट के लगातार दूसरे गोल्ड के रूप में दर्ज हुई है। फाइनल में पाकिस्तान को हराकर टीम इंडिया ने एक बार फिर एशियाई मंच पर अपना दबदबा कायम किया।

Share This Article