भागलपुर में छात्र राजद और आइसा का प्रदर्शन, नीट पेपर लीक और पुलिस कार्रवाई के विरोध में फूंके पुतले

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और दिल्ली व पटना में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को भागलपुर में छात्र संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। छात्र राजद और आइसा (AISA) के कार्यकर्ताओं ने तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (TMBU) के मुख्य द्वार के समीप सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताया।

प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला दहन किया। इस दौरान छात्रों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों की आवाज दबाने के लिए पुलिस बल का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
छात्र संगठनों ने नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की न्यायिक समीक्षा की मांग की। साथ ही उन्होंने छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की भी मांग उठाई।
प्रदर्शन के मद्देनजर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। हालांकि विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

Share This Article