दरभंगा में नाबालिग बच्ची की हत्या से उबाल, सड़क जाम और हिंसक प्रदर्शन, पुलिस ने संभाला मोर्चा

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: बिहार के दरभंगा जिले में आठ वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के पटवा पोखरा के पास हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया। घटना के विरोध में लोगों ने सड़क जाम कर दिया और आरोपी को तत्काल फांसी देने की मांग करने लगे।

प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय और बिगड़ गई, जब आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान कई महिलाएं भी सड़क पर उतर आईं और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करती नजर आईं। गुस्साए लोगों ने आरोपी की दुकान और टेम्पो में आग लगा दी, जिससे इलाके में तनाव और बढ़ गया।

एसएसपी ने संभाली कमान, भारी पुलिस बल तैनात

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी देर रात मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार इलाके में कैंप कर रही हैं, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। पुलिस ने उपद्रव कर रहे लोगों को खदेड़कर स्थिति को किसी तरह काबू में किया।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

पोस्टमार्टम और एफएसएल जांच जारी

बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) भेज दिया गया है। वहीं, फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आवश्यक सैंपल जुटाए जा रहे हैं।

खेलने गई बच्ची देर रात मिली मृत अवस्था में

जानकारी के अनुसार, बच्ची शाम के समय घर से पास के तालाब किनारे अन्य बच्चियों के साथ खेलने गई थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। देर रात इलाके में कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर बच्ची के मामा वहां पहुंचे, जहां बच्ची खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। आसपास की दीवारों पर भी खून के निशान पाए गए।

सीसीटीवी और बच्चों के बयान से आरोपी की पहचान

घटना की सूचना मिलने पर विश्वविद्यालय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ खेल रही बच्चियों ने पुलिस को बताया कि विकास महतो नामक युवक बच्ची को जबरदस्ती खींचकर अंधेरे की ओर ले गया था। बच्चों के बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी विकास महतो को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से बच्ची के खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं।

इलाके में आक्रोश, कड़ी सजा की मांग

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में भारी गुस्सा है। लोग आरोपी को जल्द से जल्द फांसी देने की मांग कर रहे हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। फिलहाल इलाके में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article