NEWS PR डेस्क :बिहार बंद के दौरान भागलपुर में प्रदर्शन उस समय उग्र हो गया, जब तिलकामांझी चौक पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। स्थिति बिगड़ने पर प्रदर्शनकारियों द्वारा पथराव किए जाने के बाद पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए लाठीचार्ज किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर पथराव किया गया, जिससे पुलिस के कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना में कई पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मौके से खदेड़ दिया।
घटना के बाद तिलकामांझी चौक और आसपास के इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
