NEWS PR डेस्क: पटना, 26 जुलाई।बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा-एनडीए ने चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उत्तरी श्रीकृष्णापुरी स्थित कस्तूरबा पथ में एक चुनावी जनसंपर्क बैठक आयोजित की गई, जिसमें बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, ए.एन. कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. मदन मुरारी समेत कई प्रमुख लोग शामिल हुए। बैठक में स्थानीय नागरिकों, बुद्धिजीवियों और मतदाताओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही।
बैठक को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने 30 जुलाई को होने वाले उपचुनाव में भाजपा-एनडीए प्रत्याशी नीरज सिन्हा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बांकीपुर के विकास की गति को बनाए रखने के लिए नीरज सिन्हा को भारी मतों से विजयी बनाना जरूरी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और क्षेत्र में स्वर्गीय नवीन सिन्हा एवं नितिन नवीन द्वारा कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन्हीं कार्यों की निरंतरता के लिए भाजपा उम्मीदवार को समर्थन मिलना चाहिए।

मिथिलेश तिवारी ने कहा कि केंद्र और बिहार सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचा है और आने वाले समय में भी विकास का यह सिलसिला जारी रहेगा। उन्होंने मतदाताओं से लोकतंत्र के महापर्व में उत्साहपूर्वक भाग लेने और अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की।
बैठक में प्रोटोकॉल प्रमुख (भाजपा, नागपुर) एवं के.एस. कॉलेज, पटना के निदेशक डॉ. नीतीश सिंह ने दावा किया कि बांकीपुर की जनता एक बार फिर भाजपा के पक्ष में अपना समर्थन देगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार द्वारा किए गए कार्यों पर जनता का भरोसा कायम है और क्षेत्र में हुए विकास कार्य भाजपा की सबसे बड़ी ताकत हैं।
ए.एन. कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. मदन मुरारी ने अपने संबोधन में कहा कि मतदाताओं को विकास, सुशासन और जनहित को प्राथमिकता देते हुए अपने जनप्रतिनिधि का चयन करना चाहिए। उन्होंने भी भाजपा-एनडीए प्रत्याशी नीरज सिन्हा के समर्थन में मतदान करने की अपील की।
इस अवसर पर भाजपा के वैशाली जिला प्रभारी संजय सहाय, डॉ. राकेश सिंह, समाजसेवी राजीव रंजन उर्फ मंटू यादव, शिक्षाविद् निर्मल कुमार सहित कई गणमान्य नागरिक और स्थानीय निवासी मौजूद रहे। बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं ने भाजपा-एनडीए प्रत्याशी नीरज सिन्हा की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया और मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
