बांकीपुर उपचुनाव से पहले प्रशांत किशोर के खिलाफ FIR, शास्त्री नगर थाने में कार्रवाई की मांग, जानिये पूरा मामला

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 29 जुलाई। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक वीडियो को एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से तैयार किया गया फर्जी वीडियो बताए जाने के बाद राजनीतिक विवाद गहरा गया है। इस मामले में जेडीयू विधान पार्षद नीरज कुमार शास्त्री नगर थाने पहुंचे और प्रशांत किशोर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। बांकीपुर चुनाव से ठीक पहले यह एफआईआर पीके की मुश्किलें बढ़ा सकती है।

नीरज कुमार ने पुलिस से मांग की है कि मामले की जांच कर प्रशांत किशोर के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। माना जा रहा है कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से ठीक पहले सामने आया यह विवाद राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।

दरअसल, प्रशांत किशोर ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया था कि बांकीपुर उपचुनाव में संभावित हार की आशंका से घबराकर भाजपा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एआई-जनरेटेड फर्जी वीडियो तैयार करवा रही है और उसे मतदाताओं के बीच प्रसारित किया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी लाभ लेने और मतदाताओं को भ्रमित करने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक का दुरुपयोग किया जा रहा है। प्रशांत किशोर ने लोगों से ऐसे कथित भ्रामक वीडियो पर विश्वास नहीं करने और उसकी सत्यता की जांच करने की अपील भी की थी।

वहीं, जेडीयू की ओर से इन आरोपों का कड़ा विरोध किया गया है। पार्टी का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री के वीडियो को फर्जी बताकर जनता के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश की गई है। इसी आधार पर एमएलसी नीरज कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

Share This Article