NEWS PR डेस्क : बिहार रेजीमेंट केंद्र में 24वीं राष्ट्रीय राइफल्स बटालियन (बिहार) का 33वां स्थापना दिवस अत्यंत भव्यता और गरिमा के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। यह दिन उन वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर भी था, जिन्होंने राष्ट्र की सेवा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया है।

इस बटालियन की स्थापना 01 अगस्त 1994 को कर्नल उमेद सिंह के कुशल नेतृत्व में की गई थी। स्थापना के पश्चात बटालियन ने तैनाती क्षेत्र में सौंपे गए समस्त उत्तरदायित्वों को पूर्ण निष्ठा, समर्पण और अनुशासन के साथ कर्तव्यपरायणता, सजगता और उत्कृष्ट कार्य निष्पादन से अपना परचम लहराया।

उग्रवाद-विरोधी अभियानों में इस बहादुर बटालियन के काम की सभी तारीफ करते हैं। इस यूनिट ने जिस भी इलाके या फ़ॉर्मेशन में काम किया, वहाँ सम्मान हासिल किया। बटालियन के भीतर तैनात वीर बिहारी सैनिकों का उत्साह, जज्बा और राष्ट्रभक्ति सराहनीय है। इन योद्धाओं ने समय-समय पर अपने अदम्य साहस और शौर्य का प्रदर्शन करते हुए न केवल बटालियन बल्कि पूरे बिहार रेजीमेंट का मान बढ़ाया है।

इन्हीं वीरता भरे कार्यों के चलते बटालियन को अनेक वीरता पुरस्कारों से नवाज़ा जा चुका हैं, जिनमें 2013 में थल सेनाध्यक्ष यूनिट प्रशस्ति पत्र, 2000 में जीओसी-इन-सी उत्तरी कमान यूनिट प्रशंसा पत्र, एक कीर्ति चक्र, छह शौर्य चक्र, 28 सेना मेडल और 84 प्रशस्ति पत्र शामिल हैं। बटालियन को ‘सरताज ट्रॉफी’ भी मिली और 2013 में इसे सबसे अच्छी राष्ट्रीय राइफल्स बटालियन का दर्जा दिया गया।

इस पावन अवसर पर, देश की सेवा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को स्मरण और सम्मान देने हेतु बिहार रेजीमेंट केंद्र स्थित वीर स्मृति स्थल पर एक विशेष श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी आयोजन में बिहार रेजीमेंट केंद्र के समादेष्टा महोदय ब्रिगेडियर राकेश कुमार बोरा ने कर्नल ऑफ़ द बिहार रेजीमेंट की तरफ से शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर समादेष्टा महोदय के अतिरिक्त बिहार रेजीमेंट केंद्र के दंडपाल लेफ्टिनेंट कर्नल अंकुर कुमार मिश्रा, सूबेदार मेजर नारायण प्रधान, सूबेदार संजय सिंह सहित कई जेसीओ एवं अन्य पद उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों, जेसीओ और सैनिकों ने वीर स्मृति स्थल पर हमारे शहीद नायकों की याद में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। पुष्पांजलि के दौरान सेना के बैंड ने वंदे मातरम और रेजिमेंटल गीत सहित देशभक्ति की धुनें बजाई।
