डेहरी EO हत्याकांड: पत्नी का दावा- विधायक मांगते थे लाखों रुपये, पुलिस जांच तेज

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क:रोहतास जिले के डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार की हत्या के मामले में उनकी पत्नी के आरोपों ने इस सनसनीखेज हत्याकांड को नया राजनीतिक और प्रशासनिक मोड़ दे दिया है। पोस्टमार्टम के बाद जब विमल कुमार का पार्थिव शरीर पटना के दानापुर स्थित उनके आवास पहुंचा, तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इसी दौरान मीडिया से बातचीत में उनकी पत्नी बबीता देवी ने डेहरी के एक विधायक पर गंभीर आरोप लगाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

बबीता देवी का आरोप है कि विधायक लंबे समय से उनके पति पर दबाव बना रहे थे। उनका कहना है कि विधायक अक्सर फोन कर उन्हें मिलने के लिए बुलाते थे और पैसों की मांग करते थे। उन्होंने दावा किया कि कभी 50 लाख रुपये तो कभी 25 लाख रुपये की मांग की जाती थी। बबीता ने कहा, “मेरे पति हमेशा यही कहते थे कि इतने पैसे कहां से लाएं। वे फोन पर सिर्फ ‘हां सर, हां सर’ कहते रहते थे, लेकिन अंदर ही अंदर काफी परेशान थे।”
तबादला कराकर किसी छोटे शहर में चले जाएं..
उन्होंने बताया कि पति की बढ़ती मानसिक परेशानी को देखते हुए उन्होंने कई बार सलाह दी थी कि वे डेहरी से तबादला कराकर किसी छोटे शहर में चले जाएं। बबीता देवी ने यह भी बताया कि 29 जुलाई को उनके पति संबंधित विधायक से मिलने गए थे। हालांकि, घर लौटने के बाद उन्होंने मुलाकात में क्या बातचीत हुई, इसकी कोई जानकारी साझा नहीं की। अब उन्हें संदेह है कि उसी मुलाकात के बाद घटनाक्रम ने गंभीर रूप ले लिया।
मैडम, साहब नहीं रहे..
उन्होंने घटना की रात की परिस्थितियों पर भी सवाल उठाए। बबीता के मुताबिक, सबसे पहले उन्हें चालक का फोन आया, जिसने बताया कि “मैडम, साहब नहीं रहे। अपाचे बाइक पर आए लोगों ने उन पर हमला कर दिया।” बबीता का कहना है कि जब उन्होंने चालक से पूछा कि हमला होने के बावजूद गाड़ी क्यों रोकी गई और उसने अपने अधिकारी को बचाने के लिए क्या प्रयास किया, तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
बबीता देवी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, चालक समेत सभी संदिग्धों का नार्को टेस्ट कराने और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “आज अधिकारियों की सुरक्षा सबसे बड़ा सवाल बन गई है। मंत्री और विधायक सुरक्षित हैं, लेकिन हर जिम्मेदारी और हर खतरा अधिकारियों के सिर पर है।”

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

फिलहाल पुलिस इस हत्याकांड की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। पत्नी द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद मामले ने नया राजनीतिक रंग ले लिया है। हालांकि, जिन विधायक पर आरोप लगाए गए हैं, उनकी ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article