सावन की पहली सोमवारी पर बाबा हरिहरनाथ के दरबार में तेजस्वी यादव, बांकीपुर रिजल्ट पर बोले- चुनाव आते-जाते रहते हैं

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क :सावन माह की पहली सोमवारी पर बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने सोनपुर स्थित ऐतिहासिक बाबा हरिहरनाथ मंदिर में विधि-विधान के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और जलाभिषेक कर राज्य की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की प्रार्थना की।

सोमवार सुबह मंदिर पहुंचते ही बड़ी संख्या में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकर्ता और श्रद्धालु वहां जुट गए। “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तेजस्वी यादव ने गर्भगृह में भगवान शिव का जलाभिषेक किया और पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं का अभिवादन भी किया। वहीं सावन की पहली सोमवारी को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने पूजा की विशेष व्यवस्था की थी। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
बता दें कि सुबह से ही मंदिर में लंबी कतारें देखने को मिलीं। दूर-दराज से आए शिवभक्त गंगाजल और पूजन सामग्री के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचे। धार्मिक मान्यता है कि सावन महीने में भगवान शिव की श्रद्धापूर्वक पूजा करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
पिता लालू यादव का भी रहा है बाबा हरिहरनाथ से गहरा लगाव’
मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि बाबा हरिहरनाथ मंदिर से उनके परिवार का पुराना संबंध रहा है। उन्होंने बताया कि उनके पिता लालू प्रसाद यादव जब विधायक और सांसद थे, तब उन्होंने मंदिर के विकास के लिए कई कार्य कराए थे। तेजस्वी ने कहा, “सावन का पहला सोमवार है, इसलिए हम बाबा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए आए हैं। हमारे पिता का भी इस मंदिर से गहरा जुड़ाव रहा है। उनका स्वास्थ्य अभी ठीक नहीं है, लेकिन भविष्य में वह भी बाबा के दर्शन के लिए जरूर आएंगे।”
बांकीपुर उपचुनाव पर टिप्पणी से किया इनकार
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजों को लेकर पूछे गए सवाल पर तेजस्वी यादव ने कोई राजनीतिक टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा,”चुनाव आते-जाते रहते हैं। आज हम बाबा हरिहरनाथ के दर्शन के लिए आए हैं, इसलिए इस विषय पर कुछ नहीं कहना चाहता।”
कांवड़ियों की सुविधा और देश की खुशहाली की कामना
तेजस्वी यादव ने सावन के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए बेहतर व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि राजद कार्यकर्ताओं ने भी कई स्थानों पर कांवड़ियों की सेवा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
उन्होंने भगवान शिव से प्रार्थना करते हुए कहा कि देश और बिहार में शांति, भाईचारा और खुशहाली बनी रहे। साथ ही बेरोजगारी, महंगाई और गरीबी जैसी चुनौतियों से लड़ने की शक्ति मिले तथा समाज के गरीब और कमजोर वर्ग का जीवन बेहतर हो।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article