581.82 लीटर शराब की खेप बरामद: पुष्पा स्टाइल तहखाने में छिपाकर लाई जा रही थी शराब, बगहा उत्पाद पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

Shreya Raj
बगहा उत्पाद पुलिस की कार्रवाई में जब्त शराब की खेप और तस्करी में इस्तेमाल वाहन।

बगहा (पश्चिम चंपारण): बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद तस्कर शराब की तस्करी के लिए लगातार नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। पश्चिम चंपारण के बगहा में तस्करों ने फिल्मों की तर्ज पर वाहनों में गुप्त तहखाना बनाकर शराब की बड़ी खेप पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन बगहा उत्पाद पुलिस ने उनकी इस चाल को नाकाम कर दिया। उत्पाद विभाग की दो अलग-अलग कार्रवाई में कुल 581.82 लीटर शराब बरामद की गई। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

पहली कार्रवाई में ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिली 456 लीटर बीयर

उत्पाद थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार के नेतृत्व में पहली छापेमारी रामनगर थाना क्षेत्र के पुरन्दरपुर गांव स्थित नहर किनारे की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए शराब की खेप ले जाई जा रही है। तलाशी के दौरान ट्रॉली से 456 लीटर बीयर बरामद हुई। पुलिस की भनक लगते ही चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। उत्पाद विभाग ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

बोलेरो के गुप्त तहखाने से बरामद हुई 125.82 लीटर विदेशी शराब

दूसरी कार्रवाई बगहा-वाल्मीकिनगर मुख्य मार्ग पर पटखौली थाना क्षेत्र में की गई। जांच के दौरान पुलिस ने एक बोलेरो वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन में बेहद चतुराई से बनाए गए गुप्त तहखाने से 125.82 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। मौके से पुलिस ने बोलेरो चालक विकास कुमार (26), निवासी केसरिया, मोतिहारी को गिरफ्तार कर लिया साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी जब्त कर लिया गया।

पूरे तस्करी नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

उत्पाद थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि फरार चालक और उसके अन्य सहयोगियों की पहचान की जा रही है। पूरे शराब तस्करी नेटवर्क का पता लगाने के लिए लगातार छापेमारी जारी है। उन्होंने कहा कि पश्चिम चंपारण जिले में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि तस्करों द्वारा अपनाए जा रहे नए तरीकों पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि शराबबंदी कानून का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित किया जा सके।

Share This Article